Ranchi : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का स्थापना दिवस समारोह शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष बीरेन्द्र प्रधान ने की। इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने दीप प्रज्वलन कर तथा रामविलास पासवान एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर समारोह की शुरुआत की।
स्थापना दिवस कार्यक्रम में पार्टी की मूल विचारधारा, संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति, जनसंपर्क अभियान और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष बीरेन्द्र प्रधान ने बिहार चुनाव में पार्टी को मिली महत्वपूर्ण सफलता के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के नेतृत्व की सराहना करते हुए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
प्रधान ने कहा कि आने वाले समय में पार्टी को बिहार–झारखंड सहित राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत आधार देना हमारा प्रमुख लक्ष्य है। इसके लिए कार्यकर्ताओं की एकजुटता, सक्रियता और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता बेहद आवश्यक है। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को सुदृढ़ करने, सभी मोर्चा इकाइयों को सक्रिय करने और बड़े स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी जनता तक सीधे पहुंचकर उनके मुद्दों और परेशानियों को समझना चाहती है, ताकि समस्या समाधान की दिशा में ठोस पहल की जा सके। आगामी चुनावों में लोजपा (रामविलास) खुद को एक सशक्त राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित करने की दिशा में पूरी तरह तैयार है।
कार्यक्रम में प्रदेश और जिला स्तर के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें उमेश तिवारी, उमेश पासवान, अभिषेक राय, आदित्य विजय प्रधान, ममता रंजन, श्रवण कुमार, दीपिका होरो, शिवजी कुमार और रतन पासवान शामिल थे। नेताओं ने संगठन को और मजबूत करने तथा व्यापक जनसंपर्क चलाने का संकल्प व्यक्त किया।



