Jamshedpur News:  टेल्को स्थित गुलमोहर हाई स्कूल के लिए गौरव का क्षण तब आया, जब वर्ष 1992 बैच के पूर्व छात्र प्रशांत सिन्हा को इकोनॉमिक टाइम्स शार्क अवॉर्ड्स 2026 में प्रतिष्ठित ‘सीईओ ऑफ द ईयर’ सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान 3 जुलाई 2026 को मुंबई के हयात होटल में आयोजित भव्य समारोह के दौरान उन्हें प्रदान किया गया।

देश के कॉर्पोरेट जगत में उत्कृष्ट नेतृत्व और उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए दिए जाने वाले इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए इस वर्ष 120 प्रमुख मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) की जूरी ने विजेताओं का चयन किया। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर प्रशांत सिन्हा का सम्मानित होना उनकी नेतृत्व क्षमता, दूरदर्शी सोच, नवाचार और उत्कृष्ट कार्य निष्पादन का प्रमाण माना जा रहा है।

गुलमोहर हाई स्कूल से अपनी शिक्षा प्राप्त करने वाले प्रशांत सिन्हा ने कॉर्पोरेट जगत में अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर विशेष पहचान बनाई है। उनकी सफलता न केवल विद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि वर्तमान विद्यार्थियों और युवा पीढ़ी के लिए भी प्रेरणादायी उदाहरण है कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और उत्कृष्टता के प्रति समर्पण से किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल की जा सकती है।

इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्राचार्या, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों तथा पूर्व छात्र समुदाय ने प्रशांत सिन्हा को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति की कामना की। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि प्रशांत सिन्हा आगे भी अपनी उपलब्धियों से संस्थान और देश का नाम रोशन करते रहेंगे।

Share.
Exit mobile version