फॉण्ट कनवर्टर NEW

पूर्व नेशनल पहलवान अमित श्योराण गिरफ्तार, रांची पुलिस भी करेगी पूछताछ

रांची : कभी अखाड़े में दांव-पेच दिखाकर राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाला पूर्व पहलवान अमित श्योराण अब नशे के एक मामले में गिरफ्तारी के बाद चर्चा में है। 31 वर्षीय अमित को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने

अमित श्योराण गिरफ्तार

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : कभी अखाड़े में दांव-पेच दिखाकर राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाला पूर्व पहलवान अमित श्योराण अब नशे के एक मामले में गिरफ्तारी के बाद चर्चा में है। 31 वर्षीय अमित को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, वह झारखंड से अफीम लेकर दिल्ली और हरियाणा में सप्लाई करने के आरोप में वांटेड था और उसके खिलाफ रांची के धुर्वा (तुपुदाना) थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। अमित दिसंबर 2023 से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे दिल्ली के मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया।

Read More : 32 हजार शिक्षक पदों पर भर्ती, TRE 4.0 का बदला पैटर्न; 1 सितंबर से आवेदन

2013 में जीता था राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक

पुलिस के अनुसार, अमित श्योराण मूल रूप से हरियाणा के रोहतक का रहने वाला है। उसने कुश्ती में अपनी पहचान बनाई और वर्ष 2013 में आयोजित राष्ट्रीय कैडेट कुश्ती प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता था। राष्ट्रीय स्तर पर खेलने के बाद भी अमित कुश्ती और अखाड़े से जुड़े लोगों के संपर्क में रहा। इसी दौरान उसने बड़े क्लबों में बाउंसर के तौर पर भी काम करना शुरू किया। रांची पुलिस के मुताबिक, इसी समय वह कथित तौर पर अफीम का इस्तेमाल करने वाले लोगों के संपर्क में आया और उन्हीं के जरिए नशे के कारोबार में शामिल हुआ।

झारखंड से अफीम लाने का पुलिस का आरोप

2023 में दर्ज रांची पुलिस की एफआईआर के अनुसार, अमित झारखंड से अफीम हासिल कर दिल्ली और हरियाणा तक पहुंचाता था। पुलिस के मुताबिक, वहां वह विभिन्न अखाड़ों और कुश्ती से जुड़े लोगों के बीच इसकी सप्लाई करता था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अमित झारखंड में सक्रिय एक स्थानीय अफीम तस्कर के संपर्क में था। इसी कड़ी से पुलिस को उसके दिल्ली तक पहुंचने वाले कथित नेटवर्क के बारे में सुराग मिला।

492 ग्राम अफीम के साथ पकड़े गए आरोपी से मिला सुराग

रांची पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार, अमित के खिलाफ कार्रवाई अप्रैल 2023 में शुरू हुई थी। उस समय झारखंड पुलिस ने स्थानीय तस्कर राजेश नाग को करीब 492 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान राजेश ने कथित तौर पर अमित श्योराण का नाम लिया और उसे अफीम लेने वाले प्रमुख लोगों में बताया। इसके बाद पुलिस ने अमित की तलाश शुरू की, लेकिन गिरफ्तारी से पहले ही वह फरार हो गया। जांच आगे बढ़ने पर उसके खिलाफ रांची के धुर्वा (तुपुदाना) थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

दिसंबर 2023 में घोषित अपराधी घोषित हुआ था

रांची पुलिस के मुताबिक, लगातार फरार रहने के बाद अदालत ने दिसंबर 2023 में अमित श्योराण को Proclaimed Offender यानी घोषित अपराधी घोषित किया था। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी बीच दिल्ली क्राइम ब्रांच को उसके दिल्ली में छिपे होने की सूचना मिली। झारखंड पुलिस के सहयोग से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई और मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन के पास उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

हत्या और आर्म्स एक्ट समेत छह मामले

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अमित के खिलाफ सिर्फ एनडीपीएस एक्ट का मामला ही नहीं है। उसके खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट समेत कुल छह आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और कथित नशे के कारोबार से जुड़े संपर्कों की भी जांच कर रही है।

दिल्ली क्राइम ब्रांच ने ऐसे की गिरफ्तारी

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, क्राइम ब्रांच की NR-II टीम ने लगातार निगरानी, मानव खुफिया तंत्र और तकनीकी सर्विलांस के जरिए अमित की गतिविधियों का पता लगाया। इसके बाद दिल्ली क्राइम ब्रांच और रांची के धुर्वा (तुपुदाना) थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया। दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर भी आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी साझा की है।

रांची पुलिस लेगी रिमांड पर

रांची पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, झारखंड में अफीम तस्करी के नेटवर्क से जुड़ी जानकारी हासिल करने के लिए अमित को जल्द रिमांड पर लेकर रांची लाया जाएगा। उससे पूछताछ के बाद मामले से जुड़े अन्य संपर्कों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। बताया गया है कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के निर्देश पर झारखंड समेत देशभर में अफीम और अन्य ड्रग्स के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री की बैठक के बाद राज्यों के बीच अफीम तस्करों से जुड़ी सूचनाएं साझा करने और कार्रवाई तेज करने की बात भी सामने आई थी। अमित श्योराण की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब पुलिस उसके खिलाफ रांची में दर्ज NDPS मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। फिलहाल पुलिस उसकी कथित भूमिका और संपर्कों को लेकर आगे की पूछताछ की तैयारी में है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram