Bokaro News: चास नगर निगम के महापौर भोलू पासवान की अध्यक्षता में आज फुटपाथ दुकानदार संघ के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य चास नगर क्षेत्र में फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित ढंग से स्थापित कर शहर में लगातार बनी रहने वाली यातायात जाम की समस्या का स्थायी समाधान निकालना था।
बैठक को संबोधित करते हुए महापौर भोलू पासवान उपमहापौर पूजा कुमारी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य किसी भी फुटपाथ दुकानदार की आजीविका को प्रभावित करना नहीं है, बल्कि सभी दुकानदारों के हितों की रक्षा करते हुए उन्हें नियमानुसार व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराना है, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और आम नागरिकों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
बैठक में इस बात पर विस्तार से चर्चा की गई कि कई स्थानों पर सड़कों एवं फुटपाथों पर अव्यवस्थित रूप से दुकानें लगने के कारण वाहनों और पैदल यात्रियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए नगर निगम एवं फुटपाथ दुकानदार संघ के बीच आपसी समन्वय और सहयोग से कार्य करने पर सहमति बनी।
फुटपाथ दुकानदार संघ के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव रखते हुए नगर निगम के इस प्रयास का स्वागत किया तथा शहर को व्यवस्थित एवं जाममुक्त बनाने में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी संबंधित पक्षों के सहयोग से ऐसी कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे फुटपाथ दुकानदारों की आजीविका सुरक्षित रहे, आम नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा मिले तथा चास नगर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं जाममुक्त बनाया जा सके।
