गुमला: जिले के विशुनपुर प्रखंड के जहांगुटवा गांव में अब महिलाओं के हाथों से अपने गांव का आर्थिक भविष्य लिखा जा रहा है। गुमला जिला प्रशासन और जेएसएलपीएस (JSLPS) के सहयोग से यहाँ पीवीटीजी वन धन विकास केंद्र में आटा मिल और राइस मिल की स्थापना की गई है।इन मशीनों की शुरुआत से गांव की करीब 95 महिलाएँ अब अपने इलाके में पैदा होने वाले धान और अनाज को खुद प्रसंस्कृत कर बेच सकेंगी। पहले ये महिलाएँ कच्चा माल बेचकर बहुत कम मुनाफा कमा पाती थीं, लेकिन अब मूल्य संवर्धन का सीधा फायदा उन्हें मिलेगा। इससे न सिर्फ उनकी आमदनी बढ़ेगी, बल्कि वे आर्थिक रूप से और अधिक आत्मनिर्भर बनेंगी।केंद्र की महिलाएँ भी बेहद उत्साहित हैं। जिलाप्रशासन पीवीटीजी समुदाय के सशक्तिकरण और सतत विकास हेतु प्रयासरत है। आने वाले समय में मिल की उत्पादन क्षमता और बाज़ार तक पहुँच को और बढ़ाने की योजना बनाई जा रही है, ताकि यह केंद्र क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बने।गुमला प्रशासन लगातार यह सुनिश्चित कर रहा है कि पीवीटीजी समुदाय मुख्यधारा में शामिल हो और उनके जीवन स्तर में स्थायी सुधार लाया जा सके।



