Ranchi : झारखंड में सक्रिय साइबर ठगों पर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अपराधियों को दबोच लिया। साइबर पुलिस टीम ने गिरिडीह–गांडेय मार्ग पर जामताड़ा की ओर जा रही एक स्कॉर्पियो को गुप्त सूचना के आधार पर रोका। तलाशी के दौरान गाड़ी में बैठे सभी युवक संदिग्ध पाए गए, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

साइबर क्राइम के पुलिस उपाधीक्षक आविद ख़ान ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में विजय मंडल और अर्जुन मंडल (दोनों करमाटाड़), आदित्य राज उर्फ़ ओम शंकर कुमार (किशनपुर), गजेंद्र कुमार और रवि कुमार (दोनों बरबीघा) शामिल हैं। ये सभी खरीदारी कर वापस अपने ठिकाने लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार, एक अन्य आरोपी निर्मल मंडल अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा।

पूछताछ और तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके पास से 10 महंगे iPhone, 14 सिमकार्ड और स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह झारखंड के कई इलाकों में फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लोगों को कॉल करता था। ये अपराधी फर्जी ITO चालान, ई-केवाईसी अपडेट, बैंक वेरिफिकेशन सहित अन्य बहानों से लोगों से बैंकिंग जानकारी हासिल करते और खाते से रकम उड़ा देते थे।

पुलिस ने बताया कि ठगी से कमाए गए पैसे से ये लोग महंगे मोबाइल फोन, जेवर और अन्य सामान की खरीदारी करते थे। हाल ही में किए गए फ्रॉड के पैसों से यह गिरोह फिर से बड़ी खरीदारी कर जामताड़ा की ओर लौट रहा था, तभी पुलिस ने इन्हें पकड़ लिया।

साइबर पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इनके गिरोह में और कौन-कौन शामिल है तथा किन क्षेत्रों में इन्होंने लोगों को निशाना बनाया है।

Share.
Exit mobile version