धनबाद: धनबाद शहर के व्यस्त बैंक मोड़ स्थित शांति भवन में बुधवार को बिजली के मीटर में अचानक आग लग गई। मीटर से धुआं और चिंगारी निकलते ही भवन में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के लिहाज से भवन में रहने वाले लोग तुरंत बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोक लिया। राहत की बात यह रही कि आग की लपटें पास में स्थित जेनरेटर रूम तक नहीं पहुंचीं। अगर आग वहां तक पहुंच जाती तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
घटना के दौरान आसपास के लोगों ने भी मदद की। शांति भवन के पास स्थित मधुलिका इंक्लेव के निवासियों ने अपने फायर सेफ्टी उपकरण उपलब्ध कराए, जिससे आग बुझाने में मदद मिली।
शांति भवन के निवासियों ने भवन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए और कहा कि अग्निशमन उपकरणों की कमी है। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए बेहतर सुरक्षा इंतजाम की मांग की।
फायर ब्रिगेड अधिकारी लक्ष्मण प्रसाद सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर भेजा गया था और आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना के बाद कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया।
Read More : अब पेट्रोल भरवाते ही खरीद सकेंगे दूध-दही, पटना में खुला पहला सुधा पार्लर




