Patna: बिहार में अब उपभोक्ताओं को पेट्रोल पंपों पर भी सुधा के डेयरी उत्पाद उपलब्ध होंगे। इसकी शुरुआत पटना के सगुना मोड़ स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के पेट्रोल पंप ‘रंजन फ्यूल’ से की गई है। मंगलवार को यहां नए सुधा पार्लर का उद्घाटन डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव-सह-कॉम्फेड के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक और आईओसीएल के निदेशक (विपणन) सौमित्र श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया।
Read more: बिहार में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की तैयारी, ‘सुधा’ को वैश्विक ब्रांड बनाएगी सरकार
नए सुधा पार्लर में उपभोक्ताओं को दूध, दही, घी, पनीर, मिठाइयां, आइसक्रीम समेत अन्य डेयरी उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे। इस पहल का उद्देश्य लोगों तक गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय डेयरी उत्पादों की आसान पहुंच सुनिश्चित करना है।
100 दिन पूरे होने पर हुए एमओयू का परिणाम
यह पहल बिहार सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर किए गए समझौते का हिस्सा है। उस दौरान बिहार राज्य दुग्ध सहकारी संघ (कॉम्फेड), हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के बीच बहुआयामी समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए थे।
6.50 लाख पशुपालकों को मिलेगा लाभ
कॉम्फेड अपने सुधा ब्रांड के माध्यम से दूध और डेयरी उत्पादों की बिक्री कर राज्य के किसानों को उचित मूल्य उपलब्ध करा रहा है। आंकड़ों के अनुसार, कॉम्फेड से करीब 6.50 लाख पशुपालक जुड़े हैं, जिनमें 2.39 लाख महिलाएं शामिल हैं। संस्था हर वर्ष डेयरी किसानों को लगभग 3,000 करोड़ रुपये का भुगतान करती है। अधिकारियों का मानना है कि उत्पादों की बिक्री बढ़ने से इसका सीधा लाभ पशुपालकों को मिलेगा।
रोजगार बढ़ाने का भी लक्ष्य
कॉम्फेड वर्तमान में लगभग 14 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 7 लाख लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध करा रहा है। संस्था का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में इस संख्या को बढ़ाकर 24 हजार प्रत्यक्ष और 21 लाख अप्रत्यक्ष रोजगार तक पहुंचाने का है। पेट्रोल पंपों पर सुधा पार्लर का विस्तार इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





