Jamshedpur News: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में डीवीसी के समीप सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में ट्रेलर चालक की जान चली गई, जबकि दूसरे वाहन का चालक घायल हो गया। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और यातायात भी प्रभावित हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब छह बजे जमशेदपुर से चाईबासा की ओर जा रहा आयरन लदा ट्रेलर सामने से आ रहे दूसरे आयरन लदे ट्रेलर से टकरा गया। दोनों भारी वाहनों के बीच हुई टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसके अंदर फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी प्रयास के बाद चालक को वाहन से बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजनगर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृत चालक की पहचान ओडिशा के क्योंझर जिले के घटगांव थाना क्षेत्र स्थित अर्जुनबिला गांव निवासी चक्रधर गिरी के रूप में हुई है। वहीं दूसरे ट्रेलर का चालक भी हादसे में घायल हुआ। बताया जा रहा है कि वह प्राथमिक उपचार के लिए दूसरे वाहन से चाईबासा रवाना हो गया।
हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की। मृतक का शव फिलहाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजनगर में रखा गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा जाएगा।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
