Ranchi : उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार रांची जिले के सभी प्रखंडों एवं अंचलों में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाला जनता दरबार आम नागरिकों के लिए त्वरित राहत का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिले के विभिन्न अंचलों में आयोजित जनता दरबार के दौरान बड़ी संख्या में प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया गया।

जनता दरबार में नागरिकों से जुड़े दाखिल-खारिज, पंजी-2 सुधार, पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र, जाति, आय, आवासीय, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, लगान रसीद एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित मामलों का त्वरित समाधान किया गया। चान्हो अंचल में 89, बेड़ो में 136, राहे में 95, सिल्ली में 51, अरगोड़ा में 72, बुढ़मू में 66, खलारी में 24 तथा बुंडू में 43 आवेदनों का निष्पादन किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य अंचलों में भी कई आवेदनों का निस्तारण किया गया।

जनता दरबार के दौरान सोनाहातू, सिल्ली, अनगड़ा, मांडर एवं नगड़ी अंचलों में पात्र आवेदकों को विभिन्न प्रमाण पत्र एवं दस्तावेज मौके पर ही प्रदान किए गए। इससे लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े और समय की बचत हुई।

उपायुक्त श्री भजन्त्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक आवेदनों का ऑन द स्पॉट निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके।

Share.
Exit mobile version