Ranchi : नगर निगम ने शहर में सरकारी भूमि के संरक्षण और सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक महत्वपूर्ण अभियान चलाया। 10 जनवरी 2026 को एसएन रोड स्थित इंडियन ग्रैंड मॉल के विपरीत दिशा में अवस्थित नगर निगम की 13.5 डिस्मिल भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया गया। लंबे समय से इस भूमि पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण के कारण क्षेत्र में अव्यवस्था और भीड़भाड़ की समस्या बनी हुई थी। निगम की टीम ने मौके पर पहुँचकर कानून के अनुसार कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण को पूर्णतः हटवा दिया।

इस अभियान के तहत पहले से चिन्हित आठ दुकानों और दो झोपड़ियों को विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए हटाया गया। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण, नियमसम्मत और प्रशासनिक निगरानी में की गई। निगम का कहना है कि सरकारी भूमि पर कब्जा न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि शहर के योजनाबद्ध विकास में भी बाधा बनता है।

रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि इसी भूमि पर जी+1 मार्केट-कम-कॉम्प्लेक्स विकसित करने की योजना प्रस्तावित है। इसके लिए विस्तृत प्लान तैयार किया जा रहा है। इस परियोजना के मुख्य उद्देश्य स्थानीय लोगों को व्यवस्थित एवं सुरक्षित मार्केट सुविधा उपलब्ध कराना, निगम भूमि का जनहित में उपयोग सुनिश्चित करना और अनियंत्रित अतिक्रमण की समस्या का स्थायी समाधान करना है।

निगम ने जनता से अपील की है कि सरकारी भूमि सार्वजनिक संपत्ति है, जिस पर अवैध कब्जा या निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। भविष्य में किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण की अनुमति नहीं दी जाएगी और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार आर्थिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम ने नागरिकों के लिए उपयोगी सूचना जारी करते हुए कहा कि यदि कहीं भी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा दिखाई दे तो इसकी सूचना टोल-फ्री नंबर 1800 570 1235 पर दें। साथ ही लोगों से अनुरोध किया गया कि किसी भी प्रकार के निर्माण या दुकान लगाने से पूर्व उसकी वैधता अवश्य सुनिश्चित करें और शहर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में निगम का सहयोग करें।

रांची नगर निगम ने आश्वस्त किया कि वह आगे भी सरकारी भूमि संरक्षण और शहर के नियोजित विकास के लिए इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रखेगा।

Share.
Exit mobile version