Sports News: महिला टी20 विश्व कप 2026 से ठीक पहले न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को एक बड़ा झटका लगा है। टीम की प्रमुख ऑफ-स्पिनर ईडन कार्सन आगामी विश्व कप से बाहर हो गई हैं। उनकी कोहनी का ऑपरेशन होना है, जिसके चलते वह करीब 6 महीने तक क्रिकेट के मैदान से दूर रहेंगी। यह खबर तब आई है जब विश्व कप का आयोजन 12 जून से 5 जुलाई 2026 तक इंग्लैंड में होना है।
चौंकाने वाली बात यह है कि 24 वर्षीय कार्सन विश्व कप 2025 से पहले ही चोटिल थीं, इसके बावजूद उन्होंने भारत और श्रीलंका में आयोजित उस विश्व कप में हिस्सा लिया था। अक्टूबर 2024 में दुबई में खेले गए उस टूर्नामेंट में उन्होंने छह पारियों में नौ विकेट लिए थे, जहां न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब जीता था।
लंबे करियर को बचाने के लिए सर्जरी जरूरी
न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम के हेड कोच बेन सॉयर ने इस खबर पर गहरा दुख व्यक्त किया है, लेकिन कार्सन के फैसले का समर्थन किया। सॉयर ने कहा, “कार्सन का करियर अभी लंबा है, इसलिए यह जरूरी है कि हम आगे देखें और उसे मैदान पर वापस लाने और पूरी तरह से फिट होने को प्राथमिकता दें।”
कोच ने बताया कि कार्सन के गेंदबाजी वाले हाथ में ही चोट है और उन्होंने अपने लंबे करियर को बचाने के लिए सर्जरी कराने का मुश्किल फैसला लिया है। उन्होंने कहा, “ईडन का टीम में न होना एक बड़ा नुकसान होगा, क्योंकि उन्होंने पिछले टी20 विश्व कप में टीम को चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाई थी।”
कार्सन का प्रदर्शन न्यूजीलैंड के लिए प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 37 टी20 मैचों में 39 विकेट और 24 वनडे मैचों में 18 विकेट झटके हैं। टीम को अगले छह महीने तक उनकी कमी खलेगी।



