Ranchi : झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ लंबे समय से सक्रिय सामाजिक संगठन झारखंड अगेंस्ट करप्शन ने राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए समय उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। संगठन के संस्थापक एवं सामाजिक कार्यकर्ता दुर्गा उरांव उर्फ दुर्गा मुंडा ने इस संबंध में राष्ट्रपति के नाम एक औपचारिक पत्र राज्यपाल झारखंड के माध्यम से भेजा है।
पत्र में दुर्गा उरांव ने उल्लेख किया है कि उनका संगठन बीते कई वर्षों से झारखंड सहित पूरे देश में भ्रष्टाचार के विरुद्ध निरंतर संघर्ष कर रहा है। विपरीत परिस्थितियों, सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद संगठन ने जनहित में अपनी लड़ाई को कभी कमजोर नहीं पड़ने दिया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह संघर्ष केवल संगठन का नहीं, बल्कि राष्ट्रहित से जुड़ा हुआ अभियान है।
पत्र के माध्यम से संगठन ने राष्ट्रपति से प्रत्यक्ष मुलाकात का समय देने का अनुरोध किया है, ताकि भ्रष्टाचार से जुड़े जमीनी मुद्दों, प्रशासनिक कठिनाइयों और जनसरोकार से जुड़े सुझावों को सीधे देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति के समक्ष रखा जा सके।
दुर्गा उरांव ने विश्वास जताया कि राष्ट्रपति का मार्गदर्शन संगठन को नैतिक बल प्रदान करेगा और भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम को नई दिशा देगा। संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि वह आगे भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों के तहत अपनी लड़ाई जारी रखेगा। फिलहाल राष्ट्रपति भवन से समय निर्धारण को लेकर उत्तर की प्रतीक्षा की जा रही है।



