Dumari (Gumla) News: डुमरी प्रखंड में धान अधिप्राप्ति और लैंप्स की कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने के उद्देश्य से SDO पूर्णिमा कुमारी ने विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्य में लापरवाही और केंद्रों के बंद पाए जाने पर उन्होंने सख्त रुख अपनाया है। निरीक्षण के क्रम में डुमरी एवं जैरागी लैंप्स बंद पाए गए। कार्य अवधि के दौरान केंद्रों का बंद होना अत्यंत गंभीर मामला मानते हुए SDO ने संबंधित अधिकारियों को विस्तृत जांच का आदेश दिया है।
इस खबर को भी पढ़ें : बिना नंबर ट्रैक्टर पर SDO की बड़ी कार्रवाई, अवैध बालू लदा वाहन जब्त
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जांच में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या वित्तीय अनियमितता पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इसके पश्चात SDO मझगांव लैंप्स पहुंचीं, जहां उन्होंने स्टॉक और पंजियों की जांच की। उन्होंने वहां उपस्थित अध्यक्ष एवं सचिव को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक किसानों का अविलंब रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करें ताकि कोई भी पात्र किसान लाभ से वंचित न रहे।
किसानों से धान लेने के बाद उन्हें ससमय भुगतान करना सुनिश्चित करें। लैंप्स में जमा किए गए धान को जल्द से जल्द जिला मुख्यालय भेजा जाए, ताकि भंडारण की जगह बने और अन्य किसानों से धान की खरीदारी की जा सके। SDO पूर्णिमा कुमारी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने लैंप्स प्रभारियों को पूर्ण पारदर्शिता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया और कहा कि किसानों को बिचौलियों से बचाकर सीधे लैंप्स के माध्यम से लाभान्वित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।



