Jamshedpur news: झारखंड सरकार में दो बार मंत्री रह चुके भाजपा नेता दुलाल भुईयां ने मंगलवार को प्रधानमंत्री Narendra Modi के आर्थिक आत्मनिर्भरता और संसाधनों की बचत को लेकर दिए गए संदेश का समर्थन करते हुए एक्स पोस्ट के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने प्रधानमंत्री के आह्वान को प्रेरणादायी और दूरदर्शी बताते हुए कहा कि यह देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

दुलाल भुईयां ने अपने संदेश में कहा कि पेट्रोल-डीजल की बचत, विदेशी यात्राओं में संयम बरतने, एक वर्ष तक सोने की खरीद टालने, खाद्य तेल के सीमित उपयोग, ऑनलाइन शिक्षा को बढ़ावा देने तथा कंपनियों में वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था लागू करने जैसे सुझाव आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में देशहित को सर्वोपरि रखते हुए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह इन सुझावों का पालन करे और राष्ट्र की आर्थिक मजबूती के अभियान में सहभागी बने।

पूर्व मंत्री ने कहा कि झारखंड के जमशेदपुर की जनता और भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण के इस संकल्प के साथ पूरी प्रतिबद्धता से खड़े हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा कार्यकर्ता इन संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ स्वयं भी इनका पालन करेंगे।

दुलाल भुईयां ने अपने पोस्ट में लिखा कि प्रधानमंत्री द्वारा देशहित में दिए गए सुझाव केवल अपील नहीं, बल्कि आने वाले समय में भारत को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर इन संकल्पों को लेकर जागरूकता फैलाएंगे और लोगों को देशहित में योगदान देने के लिए प्रेरित करेंगे।

Share.
Exit mobile version