Chaibasa News:  “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत रेंगाबासा गांव में बुधवार को आम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा शामिल हुए। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और समृद्ध भविष्य की अमूल्य धरोहर भी हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है।

डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और मातृत्व के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी चाईबासा जिला की ओर से आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष कुंज बिहारी खंडाईत एवं अभियान संयोजक सह जिला मंत्री रूपा दास के नेतृत्व में आम का पौधा लगाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

Share.
Exit mobile version