Ranchi: रांची पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डोरंडा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जुआ अड्डे का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से नकदी, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, डोरंडा थाना क्षेत्र के कुसई चौक स्थित सचिदानंद स्कूल गली में आइसक्रीम फैक्ट्री के समीप एक मकान में लंबे समय से अवैध जुआ संचालित होने की सूचना मिल रही थी। सूचना की पुष्टि के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक रांची और पुलिस उपाधीक्षक हटिया के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी डोरंडा के नेतृत्व में गठित टीम ने निर्धारित स्थान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उत्तम महतो, बिट्टू तिर्की, अजय तिर्की, विजय तिर्की, राहुल कच्छप, जोवियर लकड़ा, शुभम कुमार, परवीन कुमार साहू, अवधेश पाण्डेय और संजीत कुमार राम को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 53 हजार रुपये नकद, छह मोबाइल फोन, एक रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल, ताश के पत्ते और अन्य जुआ सामग्री जब्त की। बरामद सामान को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दीपिका प्रसाद के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक रितेश कुमार पाण्डेय, सहायक अवर निरीक्षक सुएब अहमद खान, सुखदेव रजक, अमीन मराण्डी, वारिश्वर उरांव, आरक्षी नारायण राय, चालक आरक्षी इरफान तथा थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Exit mobile version