Dhanbad News: धनबाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए योग नगरी ऋषिकेश–हावड़ा दून एक्सप्रेस (Doon Express) के महिला कोच से 78 जीवित कछुए बरामद किए हैं। बरामद कछुओं की अनुमानित बाजार कीमत करीब 7.8 लाख रुपये बताई जा रही है।

गुप्त सूचना पर छापा, छह लावारिस थैलों से मिले कछुए

आरपीएफ को वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन में वन्यजीवों की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर पहुंचकर महिला कोच की तलाशी ली। तलाशी के दौरान सीट के नीचे से कपड़े के छह लावारिस थैले बरामद हुए। जब आसपास की महिला यात्रियों से पूछताछ की गई, तो किसी ने भी उन थैलों पर दावा नहीं किया। थैलों को खोलने पर उनमें इंडियन फ्लैपशेल प्रजाति के 78 जीवित कछुए मिले, जिन्हें जूट के बोरे में बंद कर छिपाया गया था।

वन विभाग को सौंपे गए कछुए, तस्करों की तलाश जारी

आरपीएफ ने सभी कछुओं को जब्त कर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज किया और तत्काल वन विभाग को सूचित किया। बाद में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कछुओं को वन क्षेत्र पदाधिकारी, धनबाद को सौंप दिया। अधिकारियों के अनुसार, अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरपीएफ ने इसे वन्यजीव तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम सफलता बताया है।

Share.
Exit mobile version