New Delhi: देश की राजधानी दिल्ली के एक पॉश इलाके से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक डॉक्टर ने अपनी घरेलू सहायिका (मेड) की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि डॉक्टर को अपनी मेड पर जादू-टोना करने का शक था, जिससे उसे लगता था कि उसके बेटे की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पहले क्रिकेट बैट से हमला किया और बाद में धारदार हथियार से इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

Read more: खूनी बना अंधविश्वास: दुमका में ‘डायन’ के शक में पड़ोसी ने ली विधवा की जान

“घर में ला रही थी नकारात्मक ऊर्जा”

पुलिस पूछताछ में आरोपी डॉक्टर ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसने बताया कि उसे काफी समय से यह वहम था कि मेड मीना घर में लगातार नकारात्मक ऊर्जा ला रही थी। डॉक्टर के अनुसार, इसी वजह से उसके बेटे की पढ़ाई और करियर में बाधा आ रही थी। इसी बात से लगातार आहत और परेशान होकर उसने मीना पर जानलेवा हमला कर दिया। डॉक्टर ने पुलिस को यह भी बताया कि उसने कुछ समय पहले अपने घर वालों से मीना को नौकरी से तुरंत हटाने के लिए भी कहा था, लेकिन उस समय उसकी इस बात पर किसी ने ध्यान नहीं दिया था।

मानसिक रूप से बीमार थे डॉक्टर गुप्ता

हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस पूरे मामले का एक नया और गंभीर पहलू सामने आया है। आरोपी डॉक्टर की पत्नी और बेटे ने पुलिस को दिए अपने बयानों में बताया है कि डॉक्टर गुप्ता पिछले काफी समय से गंभीर मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं (डिप्रेशन) से जूझ रहे थे। वे नियमित रूप से एंटी-डिप्रेशन (अवसाद रोधी) की दवाएं ले रहे थे। परिवार के सदस्यों के अनुसार, उनकी मानसिक स्थिति पूरी तरह ठीक नहीं थी और वे अक्सर तनाव में रहते थे।

Read more: पलामू में खूनी अंधविश्वास: सांप ने पत्नी को डंसा, पति ने ‘ओझा’ को पीट-पीटकर मार डाला

पुलिस कर रही है हर पहलू की गहन जांच

मामले की जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डॉक्टर ने पूछताछ के दौरान हत्या के पीछे अभी तक कोई अन्य ठोस या तार्किक वजह नहीं बताई है। पुलिस अब हत्या के मूल कारणों का पता लगाने के साथ-साथ आरोपी के मानसिक स्वास्थ्य और उसकी मेडिकल हिस्ट्री के पहलू पर भी गहराई से तफ्तीश कर रही है। वारदात के तुरंत बाद आरोपी को कस्टडी में ले लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Read more: महिला दिवस पर शर्मसार हुआ चाईबासा: अंधविश्वास की बेड़ियों में जकड़ी बेटी

Share.
Exit mobile version