Career Desk: जैसे-जैसे तकनीक तेजी से बदल रही है, वैसे-वैसे करियर के नए रास्ते भी खुलते जा रहे हैं। आज हर सेक्टर में डिजिटलाइजेशन का असर साफ दिख रहा है। ऐसे में डिजिटल या ऑनलाइन मार्केटिंग एक ऐसा क्षेत्र बन चुका है, जहां कम समय में अच्छी कमाई और तेज ग्रोथ दोनों संभव है।

डिजिटल मार्केटिंग को आसान भाषा में समझें तो यह इंटरनेट, कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के जरिए की जाने वाली मार्केटिंग है। इसमें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, मोबाइल ऐप, ईमेल और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन (SEO) जैसे टूल्स का इस्तेमाल करके लोगों तक प्रोडक्ट और सर्विस पहुंचाई जाती है।

आज बड़ी कंपनियों से लेकर स्टार्टअप तक, हर जगह डिजिटल मार्केटिंग एक्सपर्ट की डिमांड बढ़ रही है। इनका काम कंपनी के लिए ऑनलाइन कैंपेन तैयार करना, वेबसाइट और सोशल मीडिया को मैनेज करना और ब्रांड की पहचान को मजबूत बनाना होता है। ये वेब बैनर, ईमेल कैंपेन और डिजिटल कंटेंट के जरिए ग्राहकों तक कंपनी का मैसेज पहुंचाते हैं।

अगर जॉब रोल की बात करें तो इस फील्ड में कई विकल्प मौजूद हैं। जैसे डिजिटल मार्केटिंग मैनेजर, कंटेंट मार्केटिंग मैनेजर, सोशल मीडिया स्पेशलिस्ट, SEO एग्जीक्यूटिव, वेब डिजाइनर, ऐप डेवलपर और कंटेंट राइटर जैसे कई पदों पर काम किया जा सकता है।

इस क्षेत्र में आने के लिए ग्रेजुएशन जरूरी माना जाता है। खासकर मार्केटिंग, कम्युनिकेशन या ग्राफिक डिजाइन से जुड़े स्टूडेंट्स के लिए यह फील्ड ज्यादा फायदेमंद साबित होती है। हालांकि, अगर आपके पास स्किल है तो आप खुद भी सीखकर इसमें आगे बढ़ सकते हैं।

आज डिजिटल मार्केटिंग एजेंसियां, ई-कॉमर्स कंपनियां और ऑनलाइन सर्विस देने वाली कंपनियां लगातार इस क्षेत्र में लोगों को नौकरी दे रही हैं। देश ही नहीं, विदेशों में भी इस फील्ड के प्रोफेशनल्स की काफी मांग है।

सबसे खास बात यह है कि डिजिटल मार्केटिंग अभी भी तेजी से बढ़ने वाला सेक्टर है। यहां कोई भी यह दावा नहीं कर सकता कि उसे सब कुछ आता है। इसलिए इस फील्ड में बने रहने के लिए हमेशा खुद को अपडेट रखना पड़ता है। जो लोग नई चीजें सीखते रहते हैं, वही यहां आगे बढ़ते हैं और अच्छी कमाई करते हैं।

आने वाले समय में डिजिटल मार्केटिंग एक्सपर्ट्स की मांग और बढ़ने वाली है। ऐसे में अगर आप सही स्किल सीख लेते हैं, तो यह करियर आपके लिए एक मजबूत और फायदेमंद विकल्प साबित हो सकता है।

Read more: फैशन कम्युनिकेशन में करियर: सिर्फ डिजाइनिंग नहीं, ब्रांडिंग का है खेल

Share.
Exit mobile version