Dhanbad News: मंगलवार की सुबह तेतुलमारी थाना क्षेत्र के तिलाताड़ जंगल के पास पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस कार्रवाई में वांछित अपराधी भानु मांझी गोली लगने से घायल हो गया। उसे गिरफ्तार कर गंभीर हालत में असर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

धनबाद पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी वाटर प्लांट के पास किसी बड़ी वारदात की साजिश रच रहे हैं। इस पर पीसीआर टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें भानु मांझी के पैर में गोली लगी।

घटनास्थल से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल और हथियार बरामद किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि भानु मांझी एक कुख्यात अपराधी है, जो भगोड़े अपराधी प्रिंस खान के गिरोह से जुड़ा है। उस पर धनबाद, जमशेदपुर और बोकारो जिलों में कई अपराधिक मामले दर्ज हैं।

भानु मांझी गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि यह मुठभेड़ अपराधियों के बढ़ते नेटवर्क पर रोक लगाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। मौके पर एसएसपी प्रभात कुमार सहित उच्च अधिकारी पहुंचकर जांच कर रहे हैं। अन्य फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस ने कहा कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Share.
Exit mobile version