Ranchi : डाक विभाग, भारत सरकार द्वारा वर्ष 2025–26 के लिए “ढाई आखर” नेशनल लेवल लेटर राइटिंग कॉम्पिटिशन का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य डिजिटल युग में लुप्त होती हस्तलिखित पत्र लेखन की परंपरा को पुनर्जीवित करना और विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना है।
इस संबंध में जीपीओ रांची के मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव संदीप महतो ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि रांची पोस्टल डिवीजन की ओर से जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई है। प्रतियोगिता में शामिल होने वाली सभी प्रविष्टियां 31 जनवरी 2026 तक फिलैटेली ब्यूरो, रांची जीपीओ में जमा करनी होंगी।
इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम “Letter to My Role Model” निर्धारित की गई है। प्रतिभागियों को अपने जीवन के किसी आदर्श व्यक्तित्व को संबोधित करते हुए हस्तलिखित पत्र लिखना होगा। डाक विभाग के अनुसार सभी पत्र द चीफ पोस्टमास्टर जनरल, मेघदूत भवन, डोरंडा एचपीओ बिल्डिंग, डोरंडा, रांची–834001 के पते पर भेजे जाने हैं।
प्रतियोगिता का आयोजन कुल चार श्रेणियों में किया जा रहा है, जिसमें 18 वर्ष से कम और 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागी शामिल होंगे। लेखन के लिए इनलैंड लेटर कार्ड पर अधिकतम 500 शब्द एवं ए-फोर साइज पेपर पर अधिकतम 1000 शब्द निर्धारित किए गए हैं।
प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। विजेताओं को अधिकतम 50,000 रुपये तक की नकद पुरस्कार राशि के साथ प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।



