World News: अमेरिका में पुलिस ने एक ऐसी कार्रवाई की है जिसने पूरे डेलावेयर राज्य में चिंता बढ़ा दी है। यूनिवर्सिटी ऑफ डेलावेयर के पूर्व छात्र को भारी हथियारों, गोला-बारूद, बॉडी आर्मर और एक खतरनाक नोटबुक के साथ गिरफ्तार किया गया है। मामला 24 नवंबर की रात का है, जब पुलिस ने उसे एक पार्क में संदिग्ध हालत में खड़े पिकअप ट्रक से पकड़ा।
पिकअप ट्रक से निकला हथियारों का जखीरा
अधिकारियों ने बताया कि ट्रक की तलाशी में एक .357 ग्लॉक पिस्टल, 27 राउंड की कई भरी मैगजीन्स और बॉडी आर्मर प्लेट्स मिलीं। खास बात यह रही कि पिस्टल को एक ऐसे किट में बदला गया था कि वह सेमी-ऑटोमैटिक राइफल की तरह काम कर सके- यानी यह कोई साधारण हथियारबंदी नहीं थी। पुलिस के मुताबिक हथियारों की यह मात्रा और उनका सेटअप साफ संकेत देता है कि वह किसी बड़ी वारदात की तैयारी में था।
नोटबुक ने बढ़ाई चिंता- तैयार योजना, नक्शा और भागने की रणनीति
सबसे बड़ा खुलासा उस नोटबुक से हुआ जो उसके पास से मिली। इसमें हाथ से लिखे नोट्स थे, जिनमें यूनिवर्सिटी ऑफ डेलावेयर कैंपस पुलिस डिपार्टमेंट पर हमले की कथित योजना दर्ज थी। नोटबुक में मुख्यालय का स्केच भी था, जिसमें एंट्री और एग्जिट पॉइंट मार्क थे। पुलिस ने बताया कि नोट्स में भागने की रणनीति से लेकर हथियारों के इस्तेमाल तक का पूरा विवरण था। एक अधिकारी के शब्दों में- “यह किसी सुनियोजित हमले की तैयारी जैसा लग रहा है।”
गिरफ्तारी के बाद विवादित बयान
रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी लुकमान ने गिरफ्तारी के बाद कथित रूप से कहा- “शहीद बनना सबसे बड़ी चीजों में से एक है।” पुलिस इस बयान को बेहद गंभीरता से ले रही है। लुकमान पाकिस्तान में पैदा हुआ था, लेकिन बचपन से अमेरिका में रह रहा है और अमेरिकी नागरिक है।
आगे की जांच, घर से और हथियार मिले
उसके घर पर छापेमारी में और भी हथियार मिले हैं। एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या वह अकेले काम कर रहा था या किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा था। यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब कुछ दिन पहले व्हाइट हाउस के पास एक अफगान नागरिक ने नेशनल गार्ड्स पर हमला किया था, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।



