गुमला:-घाघरा प्रखंड स्थित मॉडल स्कूल चपका में शिक्षकीय एवं आधारभूत सुविधाओं की कमी के कारण पठन-पाठन व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। कक्षा 6 से 10 तक के 178 विद्यार्थियों का भविष्य उपयुक्त शैक्षिक माहौल के अभाव में संकट में पड़ता दिख रहा है। विद्यालय में वर्तमान में केवल एक हाईस्कूल शिक्षक कार्यरत हैं, जो अंग्रेजी विषय का संचालन करते हैं। गणित, जीव विज्ञान, भूगोल सहित कई महत्वपूर्ण विषयों के लिए तीन प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को डेपुटेशन पर लगाया गया है। विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के न होने से शैक्षिक गुणवत्ता पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। अभिभावकों ने बताया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अभाव में बच्चे प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं की तैयारी उचित तरीके से नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक मॉडल स्कूल होते हुए भी यहाँ की व्यवस्था मानकों के अनुरूप नहीं है। विद्यालय परिसर में चारदीवारी नहीं होने से सुरक्षा को लेकर भी अभिभावकों में चिंता बनी हुई है। वहीं खेल मैदान के अभाव में छात्र खेलकूद जैसी आवश्यक गतिविधियों से वंचित हैं।स्थानीय लोगों व अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय में तत्काल विषयवार शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही चारदीवारी एवं खेल मैदान का निर्माण कर विद्यालय को सुरक्षित एवं शिक्षण योग्य वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

Share.
Exit mobile version