Koderma news: सतगावां प्रखंड के भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मंडल अध्यक्ष के बालमुकुंद सिंह (60 वर्ष) के आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक है। सोमवार की रात्रि को उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही इलाके में सन्नाटा पसर गया। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक जताया है।

वहीं श्रद्धांजलि देने कई पार्टी नेता दिवंगत नेता के आवास पर पहुंचे। इस दुखद घड़ी में विधायक डॉ नीरा यादव उपस्थित हुए। नेताओं ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और परिवार को ढांढस बंधाया। इस दौरान दलगत राजनीति से ऊपर सम्मान दिखा।

शोक व्यक्त करने वालों में केवल भाजपा ही नहीं, बल्कि अन्य दलों के नेता भी शामिल थे, जो उनके सामाजिक प्रभाव और मिलनसार व्यक्तित्व से प्रभावित थे। मौके पर उपस्थित प्रमुख लोगों में जिला संयोजक विजय यादव, सतगावां मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, बासोडीह मंडल अध्यक्ष नरेश यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल यादव, डोमचांच के पूर्व मंडल अध्यक्ष मुकेश राम, मरकच्चो पूर्व मंडल अध्यक्ष सुनील यादव, किसान मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष गोपाल कुमार गुतुल, सीपीआई अंचल मंत्री धनंजय कुमार, स्थानीय जनप्रतिनिधि मरचोई मुखिया उत्तम सिंह, माधोपुर पूर्व मुखिया सुनील सिंह, फंटूश सिंह, राकेश कुमार एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल थे।

उपस्थित नेताओं ने कहा कि पूर्व मंडल अध्यक्ष का जाना संगठन और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने प्रखंड में पार्टी को मजबूत करने और जनहित के कार्यों में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई थी।

Share.
Exit mobile version