लोहरदगाः उपायुक्त डॉ. ताराचंद की अध्यक्षता में मंगलवार को भू-अर्जन से संबंधित अहम बैठक आयोजित हुई, जिसमें एनएच-143ए के लोहरदगा बाईपास तथा एनएच-75 के कुडू-उदयपुरा पथ परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जिन रैयतों के अभिलेख पूर्ण और सहमति प्राप्त है, उन्हें तत्काल मुआवजा दिया जाए। साथ ही जिनकी भूमि मापी लंबित है, उनकी मापी दो सप्ताह के भीतर हर हाल में पूरी करने और तत्पश्चात भुगतान सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि जिन रैयतों के भुगतान सिर्फ औपचारिकताओं के कारण रुके हैं, उनका निपटारा प्राथमिकता के साथ किया जाए। वहीं असहमति दर्ज कराने वाले रैयतों का मामला जल्द से जल्द भूमि अधिग्रहण न्यायालय भेजने हेतु अभिलेख तैयार करने का आदेश दिया गया। उपायुक्त ने सभी मौजों से छूटे हुए अभिलेख तत्काल प्राप्त कर लेने तथा समाहरणालय प्रांगण में विशेष शिविर लगाकर भुगतान प्रक्रिया तेज करने का निर्देश जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को दिया। एनएच-75 के लंबित भुगतान को भी शीघ्र निपटाने का आदेश देते हुए उपायुक्त ने राष्ट्रीय उच्च पथ के अभियंताओं से कहा कि लोहरदगा बाईपास कार्य में तेजी लाएँ, ताकि यह महत्वपूर्ण परियोजना समय से पूरी हो सके। उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने कहा कि बाईपास सड़क निर्माण जिले के भविष्य से सीधे जुड़ा है और इसके पूर्ण हो जाने पर जिले के विकास की रफ्तार कई गुना बढ़ेगी। बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सुजाता कुजूर, अंचल अधिकारी किस्को, कुडू, सदर तथा राष्ट्रीय उच्च पथ के अभियंता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Share.
Exit mobile version