रांची: रांची के मोरहाबादी मैदान में 15 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। इसे लेकर समाहरणालय ब्लॉक-ए सभागार में समीक्षा बैठक हुई।
बैठक की अध्यक्षता DC मंजूनाथ भजंत्री ने की। उन्होंने समारोह के सफल और गरिमापूर्ण आयोजन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में कुल 14 प्लाटून शामिल होंगी। खास बात यह है कि पड़ोसी राज्य ओडिशा पुलिस की टीम भी परेड में हिस्सा लेगी।
उपायुक्त ने मोरहाबादी मैदान में वाटरप्रूफ पंडाल, दर्शक दीर्घा, कुर्सियों की व्यवस्था, मैदान का समतलीकरण, मजबूत बैरिकेडिंग, मंच निर्माण और साउंड सिस्टम की तैयारी समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने बिजली विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति और साउंडप्रूफ जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को पेयजल, अस्थायी शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा समारोह स्थल तक जाने वाली सड़कों की मरम्मत, साफ-सफाई, अग्निशमन व्यवस्था और मेडिकल कैंप की तैयारी को लेकर भी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त संजय भगत, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। डीसी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने कार्य समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
Read More ; जनगणना 2027: बिहार के हर गांव-शहर का आधारभूत डेटा होगा अपडेट, अधिकारियों को निर्देश




