Patna: जनगणना 2027 के तहत जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (DCHB)-2027 के सफल संचालन को लेकर बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता निदेशक, जनगणना कार्य-सह-मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी, बिहार रंजिता और राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर सचिव डॉ. महेंद्र पाल ने की। इसमें सभी जिलों के जिला जनगणना पदाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।
Read more: जाति जनगणना में कैसे दर्ज होगी आपकी जाति? सरकार के सामने दो बड़े विकल्प
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक गांव और नगर की शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, सड़क, बैंकिंग, संचार, कृषि, शहरी सुविधाओं सहित अन्य आधारभूत सेवाओं का सही और अद्यतन विवरण एकत्रित किया जाए। साथ ही डेटा के सत्यापन, नियमित निगरानी और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
30 अगस्त तक पूरा होगा फील्डवर्क
बैठक में बताया गया कि डीसीएचबी-2027 का फील्डवर्क 30 अगस्त 2026 तक पूरा किया जाएगा। इसके लिए सभी फील्ड कर्मियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण और शत-प्रतिशत डेटा संकलित कर पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए।
Read more: जनगणना 2027 में बड़ा बदलाव, DC-SP ने खुद किया स्व-गणना
डेटा सुरक्षा और गोपनीयता पर विशेष जोर
समीक्षा बैठक में डेटा सुरक्षा और गोपनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि लॉगिन आईडी और पासवर्ड की गोपनीयता बनाए रखें तथा केवल अधिकृत माध्यमों से ही डेटा का आदान-प्रदान करें। किसी भी तकनीकी या सुरक्षा संबंधी समस्या की सूचना निर्धारित एस्केलेशन प्रणाली के माध्यम से तत्काल देने के निर्देश भी दिए गए।
मोबाइल ऐप और वेब पोर्टल के उपयोग की जानकारी
रंजिता ने बताया कि बैठक में ग्राम निर्देशिका (VD) और नगर निर्देशिका (TD) से जुड़े कार्यों, आंकड़ों के संकलन की प्रक्रिया, मोबाइल ऐप एवं वेब पोर्टल के उपयोग, समय-सीमा और अधिकारियों की जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में जनगणना निदेशालय के उप निदेशक संजीव कुमार सॉ, आईटी मैनेजर आनंद शंकर, प्रशाखा पदाधिकारी नारायण, सभी जिलों के नगर आयुक्त, प्रखंड विकास पदाधिकारी और कार्यपालक अधिकारी मौजूद रहे।





