Ramgarh News: रामगढ़ जिले के छतरमांडू इलाके में आज डकैतों ने जो दुस्साहस दिखाया है, उससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में खलबली मच गई है। हथियारबंद लुटेरों ने ‘दयाल स्टील प्लांट’ को अपना निशाना बनाया और करीब 50 लाख रुपये के कीमती कॉपर वायर पर हाथ साफ कर दिया। कड़ाके की ठंड और रात की कनकनी का फायदा उठाकर अपराधियों ने जिस तरह इस वारदात को अंजाम दिया है, उससे साफ पता चलता है कि वे पूरी तैयारी के साथ आए थे।

फिल्मी अंदाज में बाउंड्री तोड़ी और घुसे अंदर

मामला सोमवार की अहले सुबह का है। अपराधियों ने सबसे पहले प्लांट की पिछली बाउंड्री को तोड़ा और चुपके से अंदर दाखिल हुए। वहां तैनात सुरक्षा गार्डों को कुछ समझ आता, उससे पहले ही लुटेरों ने हथियार के दम पर उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधियों ने प्लांट का मुख्य गेट खोला और अपना मिनी ट्रक अंदर ले आए। प्लांट के कर्मी गुणाकार सिंह ने पुलिस को बताया कि रात के करीब ढाई बजे डकैत अंदर घुसे थे और उन्होंने सभी कर्मियों को एक कमरे में बंद कर दिया था।

प्लानिंग ऐसी कि पुलिस भी रह गई दंग

हैरानी की बात यह है कि लुटेरों को प्लांट के चप्पे-चप्पे की जानकारी थी। उन्हें पता था कि कीमती कॉपर वायर किस स्टोर रूम में रखा है और किस रास्ते से भागना आसान होगा। लुटेरों ने स्टोर रूम के नीचे और ऊपर के कमरों का ताला तोड़कर सारा माल ट्रक में लोड किया। वे इतने शातिर थे कि अपनी पहचान छिपाने के लिए उन्होंने न केवल सीसीटीवी कैमरे तोड़े, बल्कि ऑफिस में लगा डीवीआर (DVR) भी उखाड़ ले गए, ताकि पुलिस के हाथ कोई सुराग न लगे।

बंगाल के गिरोह पर पुलिस का शक

रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने घटना का जायजा लेने के बाद बताया कि यह किसी पेशेवर गिरोह का काम है। पुलिस को शक है कि यह पश्चिम बंगाल का वही कुख्यात गिरोह है जो बंद पड़ी या सुनसान इंडस्ट्रियल यूनिट्स को निशाना बनाता है। ये लोग पहले रेकी करते हैं और फिर भारी संख्या में आकर गार्ड्स को काबू कर लेते हैं। फिलहाल पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

इस खबर को भी पढ़ें : रामगढ़ में ‘ब्लैक डायमंड’ पर स्ट्राइक; 70 टन कोयला जब्त, 5 पर FIR

Share.
Exit mobile version