West Singhbhum : कोल्हान विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन और पीजी विभाग काउंटर में पिछले एक महीने से अंधेरा छाया हुआ है। शॉर्ट सर्किट की वजह से भवन में लगे बल्ब फ्यूज हो गए, लेकिन अब तक उनकी मरम्मत नहीं की गई है। इस कारण से प्रमाणपत्र लेने पहुंचे छात्रों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

हालात ऐसे हैं कि कर्मियों को प्रमाणपत्र खोजने के लिए मोबाइल की टॉर्च का सहारा लेना पड़ता है। शुक्रवार को छात्र संगठनों ने इस मुद्दे को उठाते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को लापरवाह करार दिया।

कोल्हान छात्र संघर्ष समिति और छात्र संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि हर महीने विश्वविद्यालय में मेंटेनेंस मद के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं, इसके बावजूद अगर भवन में एक महीने से अंधेरा है तो यह सरकारी धन के दुरुपयोग को दर्शाता है।

छात्र नेताओं ने कहा कि इस समस्या के कारण छात्रों की पढ़ाई और प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान नहीं करता है तो वे आंदोलन का सहारा लेंगे। छात्र संगठनों ने प्रशासन से तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने और मेंटेनेंस मद की राशि के उपयोग की जांच की मांग भी की है।

Share.
Exit mobile version