Ranchi : झारखंड के रजत वर्ष के अवसर पर चल रहे सेवा का अधिकार सप्ताह के तहत “आपकी योजना – आपकी सरकार – आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन 28 नवंबर 2025 को वार्ड 45 के सेठ सीताराम स्कूल मैदान में किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी सेवाओं और लाभकारी योजनाओं को सीधे जनता के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और सुविधाएँ मोहल्ले में ही उपलब्ध हों।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनसेवा स्टॉलों पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर आवेदन जमा किए। शिविरों में जाति, निवासी, आय, जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र, मजदूर कार्ड, राशन कार्ड, भूमि मापी तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए आवेदन स्वीकार किए गए। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सकीय जांच हेतु मेडिकल कैंप भी लगाया गया, जिसमें लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कर लाभ उठाया।

वार्ड 45 के पूर्व पार्षद नसीम गद्दी (पप्पू गद्दी) ने शिविर स्थल का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा दी जा रही सेवाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि “सेवा–सुविधा और अधिकार” को हर घर तक पहुंचाने का अबुआ सरकार का मजबूत संकल्प है। उनके अनुसार, इस तरह के आयोजन से आमजन को योजनाओं के प्रति जागरूकता मिलती है और आवश्यक सेवाएँ समय पर उपलब्ध होती हैं।

कार्यक्रम में अंचल अधिकारी, नगर निगम के प्रतिनिधि, आंगनबाड़ी सेविकाएं सहित कई विभागों के कर्मी समेत वार्ड 45 के निवर्तमान पार्षद नसीम गद्दी (पप्पू गद्दी), कांग्रेस नेता गुलाम सरवर पिंकू, महानगर संयोजक अफरोज आलम, डोरंडा प्रखंड अध्यक्ष ओवैस अंसारी, मो. आज़ाद, मुमताज गद्दी, झामुमो नेत्री संध्या गुड़िया, रमज़ान रज़ा, सामाजिक कार्यकर्ता असफर खान, राजू गद्दी, अनीस गद्दी समेत कई सामाजिक एवं राजनीतिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Share.
Exit mobile version