रांची: राजधानी में नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मतदान के साथ अब सबकी नजरें मतगणना पर टिकी हैं। वोटो की गिनती को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और निष्पक्ष बनाने के लिए जिला प्रशासन युद्ध स्तर पर तैयारियों में जुटा है। इसी कड़ी में बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मतगणना केंद्र का बारीकी से निरीक्षण किया।
ट्रांसपोर्ट नगर बनेगा शक्ति केंद्र
ट्रांसपोर्ट नगर में ही रांची नगर निगम के मेयर और 53 वार्डों के पार्षदों, साथ ही बुण्डू नगर पंचायत के अध्यक्ष और 13 वार्ड सदस्यों के भाग्य का फैसला होगा। उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान मतगणना हॉल की बनावट, टेबलों की सेटिंग और बैरिकेडिंग का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतगणना कक्ष में प्रवेश और निकास के रास्ते अलग-अलग होंगे और केवल वैध पासधारियों को ही अंदर जाने की अनुमति मिलेगी।
सुरक्षा का अभेद्य किला: सीसीटीवी से होगी निगरानी
वरिय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के नेतृत्व में मतगणना स्थल पर भारी पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी। पूरे परिसर को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है ताकि पल-पल की गतिविधि पर नजर रखी जा सके। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को लेकर विशेष प्रोटोकॉल तैयार किया गया है। मतपेटियों को स्ट्रॉन्ग रूम से बाहर निकालने और उनकी सील खोलने की प्रक्रिया पूरी तरह से अभ्यर्थियों और उनके एजेंटों की मौजूदगी में की जाएगी, ताकि पारदर्शिता पर कोई सवाल न उठे।
मतगणना कर्मियों के लिए वेलफेयर डेस्क
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने एक मानवीय पहल करते हुए मतगणना स्थल पर ‘वेलफेयर हेल्प डेस्क’ स्थापित करने का निर्देश दिया है। इसमें महिला और पुरुष कर्मियों की तैनाती होगी, जो ड्यूटी पर मौजूद कर्मियों की किसी भी समस्या का तुरंत समाधान करेंगे। इसके अलावा प्राथमिक उपचार के लिए मेडिकल टीम, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
अधिकारियों की फौज मैदान में
निरीक्षण के दौरान डीडीसी सौरभ कुमार भुवनिया, ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर और सदर एसडीओ कुमार रजत सहित कई आला अधिकारी मौजूद थे। प्रशासन ने यह साफ कर दिया है कि मतगणना के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



