India News: कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर चुनाव आयोग से दो प्रमुख मांगें रखते हुए साफ कर दिया है कि जब तक उन्हें जरूरी जानकारी नहीं दी जाती, वह आयोग से मुलाकात नहीं करेगी। पार्टी के विशेष समूह ‘ईगल’ द्वारा आयोग को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि महाराष्ट्र की अंतिम मतदाता सूची की मशीन रीडेबल डिजिटल कॉपी और महाराष्ट्र-हरियाणा के मतदान दिवस की वीडियो फुटेज तत्काल दी जाए।
महाराष्ट्र-हरियाणा चुनाव पर कांग्रेस ने मांगी वीडियो फुटेज और डेटा
कांग्रेस का कहना है कि इन दोनों सूचनाओं के बिना चुनावों में पारदर्शिता की जांच अधूरी रहेगी। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों के बीच जितने मतदाता जुड़े थे, उससे कहीं अधिक मतदाता केवल मई 2024 और नवंबर 2024 के बीच महाराष्ट्र में जुड़ गए, जो बेहद संदेहास्पद है।
पार्टी का दावा है कि यह विसंगति चुनावी गड़बड़ी की ओर इशारा करती है। इस संदर्भ में कांग्रेस नेतृत्व चुनाव आयोग से मुलाकात कर विस्तृत विश्लेषण रखना चाहता है, बशर्ते आयोग उनकी मांगों को माने।
उधर, चुनाव आयोग का कहना है कि मतदाता सूचियां समय पर सार्वजनिक की जाती हैं और सभी दलों को आपत्तियां दर्ज कराने का पूरा मौका दिया जाता है। जहां तक वीडियो फुटेज देने की बात है, आयोग ने सुप्रीम कोर्ट की गोपनीयता संबंधी गाइडलाइन का हवाला देते हुए असहमति जताई है।
अब देखना है कि क्या कांग्रेस की ये मांगें आयोग मानता है या इस पर राजनीतिक टकराव और गहराता है।



