Lohardaga News: लोहरदगा जिला की स्थापना के बाद भारतीय जनता पार्टी संगठन के प्रथम जिलाध्यक्ष रहे स्वर्गीय ठाकुर बालमुकुंद नाथ शाहदेव के आकस्मिक निधन पर शनिवार को बख्शीडीपा स्थित भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सह शोक सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष मनीर उरांव ने किया। शोक सभा में मुख्य रूप से पूर्व विधान पार्षद प्रवीण सिंह, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ओम प्रकाश सिंह, माटी कला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष श्रीचंद प्रजापति, पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रज बिहारी प्रसाद, राकेश प्रसाद, उमेश कास्यकार सहित कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए पूर्व जिला महामंत्री ब्रज बिहारी प्रसाद ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन को स्मरण कराते हुए कहा कि ठाकुर साहब भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए एक मजबूत स्तंभ थे। उनके लिए अमीर-गरीब, नेता-कार्यकर्ता सभी समान थे। उन्होंने पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए अनेक त्याग किए और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया। जिला अध्यक्ष मनीर उरांव ने कहा कि ठाकुर बालमुकुंद नाथ शाहदेव गरीबों को कांग्रेस की वर्षों से चली आ रही राजनीति के जाल से बाहर निकालने वाले एक संघर्षशील योद्धा थे। उग्रवाद प्रभावित एवं सुदूर क्षेत्रों में उन्होंने लोगों को संघर्ष करना और आत्मसम्मान के साथ जीना सिखाया। पूर्व विधान पार्षद प्रवीण सिंह ने कहा कि स्वर्गीय शाहदेव एक कुशल एवं जनप्रिय नेता थे। वे चाहें तो सत्ता के लाभ उठा सकते थे, लेकिन उन्होंने हमेशा गरीबों और वंचितों की लड़ाई लड़ी तथा अपने परिवार से ऊपर उठकर राजनीतिक पीढ़ी तैयार की। ऐसे व्यक्तित्व से आज की पीढ़ी को सीख लेनी चाहिए।
तत्कालीन कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि विकट परिस्थितियों में बड़ी ताकतों के खिलाफ संघर्ष करना उन्होंने ठाकुर साहब से ही सीखा। मदन मोहन पाठक एवं उमेश कास्यकार ने भी अपने संबोधन में उनके साथ बिताए संघर्ष के दिनों को याद किया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में नवीन कुमार टिंकू, अनिल उरांव, अजय कुमार पंकज, पशुपति नाथ पारस, अजातशत्रु, मिथुन तमेड़ा, जगनंदन पौराणिक, सुरेश बैठा, कलावती देवी, कृष्णा मोदी, पवन तिग्गा, बाल्मीकि कुमार, अमरेश भारती, अशोक चंद्र घोष, विश्वजीत भारती, लाल निरंजन शाहदेव, ओम गुप्ता, नवीन कुमार साहू, नवल कुमार साहू, बबलू जयसवाल, सरजू कुमार साहू, शंकर प्रजापति, रौशन साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।



