Ranchi : झारखंड के लिए खेल जगत में एक ऐतिहासिक क्षण आने वाला है। आगामी 9 से 14 मार्च 2026 तक राजधानी रांची में पहली बार कॉमनवेल्थ खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर भारतीय खो-खो महासंघ (KKFI) और कॉमनवेल्थ खो-खो महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की और प्रतियोगिता से जुड़ा विस्तृत प्रस्ताव सौंपा।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार-विमर्श करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन झारखंड के लिए गर्व का विषय है और इससे राज्य को वैश्विक खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।

प्रतियोगिता में कॉमनवेल्थ देशों के लगभग 23 देशों की बालक और बालिका वर्ग की टीमें हिस्सा लेंगी। यह झारखंड की धरती पर आयोजित होने वाली पहली अंतरराष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता होगी, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से सीखने का अवसर मिलेगा।

मुलाकात के दौरान कॉमनवेल्थ खो-खो महासंघ के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल, अंतरराष्ट्रीय तकनीकी सचिव एम.एस. त्यागी और महासचिव उपकार सिंह विरक मौजूद रहे। राज्य स्तर से विधायक एवं झारखंड राज्य खो-खो संघ के महासचिव मथुरा प्रसाद महतो सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे। प्रतिनिधिमंडल ने आयोजन से संबंधित खेल अधोसंरचना, आवास, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत जानकारी दी, जिस पर मुख्यमंत्री ने आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

Share.
Exit mobile version