Health Desk: बारिश का मौसम आते ही चिलचिलाती गर्मी से राहत और ठंडक तो मिलती है, लेकिन इसके साथ ही घर में कई तरह की परेशानियां और बीमारियां भी दस्तक देने लगती हैं। इन्हीं आम समस्याओं में से एक है घरों में तिलचट्टों यानी कॉकरोचों (Cockroaches) का अचानक बढ़ जाना। मानसून के दिनों में अक्सर देखा जाता है कि रसोईघर (Kitchen), सिंक, बाथरूम और नाली के आसपास भारी संख्या में कॉकरोच घूमते नजर आते हैं। अमूमन लोग इन्हें सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन ये आपकी और आपके परिवार की सेहत को चुपचाप बेहद गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं।
टाइफाइड और फूड पॉइजनिंग का खतरा
वैज्ञानिक रिसर्च और चिकित्सा विशेषज्ञों की मानें तो कॉकरोचों के संपर्क में आने से पेट से जुड़ी गंभीर दिक्कतें, फूड पॉइजनिंग (Food Poisoning), टाइफाइड और त्वचा की एलर्जी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। दरअसल, इन तिलचट्टों की आंतों में एक बेहद खतरनाक बैक्टीरिया पाया जाता है, जिसे ‘स्यूडोमोनास एरुगिनोसा’ (Pseudomonas aeruginosa) कहा जाता है। यह बैक्टीरिया इंसानों के शरीर में पहुंचकर पेशाब की नली में संक्रमण (UTI), पाचन तंत्र की गंभीर खराबी और कभी-कभी खून में इन्फेक्शन (Sepsis) जैसी जानलेवा बीमारियों का मुख्य कारण बन सकता है।
Read more: जानिए, कॉकरोच से छुटकारे का सबसे सुरक्षित तरीका..!
‘नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन’ (NLM) की एक आधिकारिक रिपोर्ट में यह खुलासा किया गया है कि कॉकरोच रेंगते हुए खाने-पीने की खुली चीजों में अपने साथ लाए खतरनाक बैक्टीरिया छोड़ देते हैं, जिससे ‘फूड-बॉर्न’ (भोजन से होने वाली) बीमारियां तेजी से फैलती हैं। वहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की एक रिपोर्ट डराने वाली है, जिसके अनुसार हर साल दुनियाभर में लगभग 60 करोड़ लोग दूषित भोजन से होने वाले रोगों का शिकार होते हैं और इनमें से करीब 4 लाख 20 हजार लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ती है।
रसोई की चीजों से ही मिलेगा कॉकरोच से छुटकारा
बाजार में मिलने वाले महंगे और केमिकल युक्त कीटनाशक स्प्रे सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं, इसलिए कॉकरोचों को घर से भगाने का सबसे सुरक्षित और सटीक समाधान आपकी रसोई में ही मौजूद है:
-
नीम का जादू: नीम को आयुर्वेद में एक प्राकृतिक एंटी-बैक्टीरियल और कीटनाशक माना गया है। नीम के पत्तों का तेल या उसके पाउडर को उन जगहों पर डालें जहां कॉकरोच छिपते हैं, जैसे कि अलमारियां, सिंक के नीचे के पाइप या बाथरूम के कोने। नीम की कड़वी और तेज महक कॉकरोचों को घर से भागने पर मजबूर कर देती है।
-
बेकिंग सोडा और चीनी का फॉर्मूला: यह बेहद आसान, असरदार और सस्ता घरेलू तरीका है। बेकिंग सोडा में थोड़ी पीसी हुई चीनी मिलाकर उन जगहों पर रख दें जहां कॉकरोच आते हैं। चीनी के लालच में कॉकरोच इसे खाने आते हैं, लेकिन बेकिंग सोडा उनके पेट में जाकर गैस बनाता है, जिससे उनका खात्मा हो जाता है।
-
तेजपत्ता की खुशबू: रसोई में मसालों के रूप में इस्तेमाल होने वाला तेजपत्ता कॉकरोचों का दुश्मन है। तेजपत्ते को हाथों से क्रश करके पाउडर बना लें या फिर पानी में उबालकर उसका एक नेचुरल स्प्रे तैयार कर लें। इसकी खुशबू कॉकरोचों को बिल्कुल पसंद नहीं होती और वे वहां से दूरी बना लेते हैं।
-
लौंग का अचूक उपाय: लौंग की तीखी और तेज खुशबू न सिर्फ कॉकरोचों बल्कि अन्य छोटे कीड़ों को भी घर से दूर रखने में मददगार है। आप बस कुछ साबुत लौंग रसोई के कोनों में, अलमारियों के दराजों में या फिर डस्टबिन के आसपास रख दें। यह तरीका भी कॉकरोच भगाने में काफी कारगर साबित होता है।
Read more: क्या आप पी पाएंगे कॉकरोच पाउडर वाली कॉफी? चीन में अजीब ट्रेंड शुरू



