अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
झारखंड में धीमी सड़क योजनाओं पर सीएम हेमंत सख्त, दो माह में पूरा करने का निर्देश;
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड में धीमी सड़क परियोजनाओं पर नाराजगी जताई है। उन्होंने अधिकारियों को दो महीने में काम पूरा करने या कार्रवाई का सामना करने का अल्टीमेटम दिया।
HighLights
- मुख्यमंत्री ने धीमी सड़क परियोजनाओं पर जताई कड़ी नाराजगी।
- अधिकारियों को दो माह में काम पूरा करने का अल्टीमेटम।
- गुणवत्ता, समयबद्धता और जियो-टैगिंग पर विशेष जोर दिया।
राज्य ब्यूरो, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सड़क योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी प्रकट की है। उन्होंने दो माह में योजनाओं को पूरा करने का अल्टीमेटम देते हुए संबंधित अधिकारियों, अभियंताओं और एजेंसियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
उन्होंने बुधवार को प्रोजेक्ट भवन स्थित मंत्रालय में पथ निर्माण विभाग की समीक्षा के क्रम में अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि राज्य में कई सड़क, फ्लाईओवर एवं पुल-पुलिया परियोजनाएं वर्षों से लंबित हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी हो रही है।
मुख्यमंत्री ने राजधानी रांची सहित अन्य क्षेत्रों की लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने को कहा। मुख्यमंत्री ने विभागीय रिपोर्ट का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को कार्यों में विलंब एवं लापरवाही पर कड़ी फटकार लगाई।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी योजनाएं समय पर पूरी हों। लंबित कार्यों के शीघ्र निष्पादन पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अनावश्यक देरी होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
किसी भी परियोजना में निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्ता से किसी प्रकार के समझौते को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सोलर साइकिल ट्रैक एवं अन्य नवीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता, मजबूती एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

