रांची: राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के मौके पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्व राष्ट्रपति और महान दार्शनिक भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर राज्य के सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं और ‘जोहार’ कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। शिक्षा के क्षेत्र में मौजूद कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जा रहा है। बच्चों को बेहतर और विश्वस्तरीय सुविधाएं देने के लिए सरकार कई स्तरों पर प्रयास कर रही है।
पढ़ाई में AI और तकनीक की अहम भूमिका
सीएम सोरेन ने कहा कि समय के साथ पढ़ाई और पढ़ाने का तरीका बदल रहा है। आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक तकनीक शिक्षा को आसान, रोचक और प्रभावी बनाने में मदद कर सकती है। इन तकनीकों के इस्तेमाल से विद्यार्थियों की जरूरत के अनुसार शिक्षा को बेहतर बनाया जा सकता है।
संस्कृति और जड़ों से जुड़ी रहे नई पीढ़ी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ऐसी नई पीढ़ी तैयार करना चाहती है, जो आधुनिक शिक्षा और तकनीक के साथ-साथ अपनी संस्कृति, नैतिक मूल्यों और जड़ों से भी जुड़ी रहे। उन्होंने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई दी।
read more : मनोहरपुर को मिली बड़ी रेल सौगात, भाजपा-झामुमो आमने-सामने




