फॉण्ट कनवर्टर NEW

मनोहरपुर को मिली बड़ी रेल सौगात, भाजपा-झामुमो आमने-सामने

Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर लंबे समय से प्रतीक्षित टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव की शुरुआत शनिवार से हो गई। ट्रेन के पहली बार मनोहरपुर स्टेशन पर रुकने के मौके पर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा। हालांकि, इस उपलब्धि का

अपनी भाषा में पढ़ें

Chaibasa :  पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर लंबे समय से प्रतीक्षित टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव की शुरुआत शनिवार से हो गई। ट्रेन के पहली बार मनोहरपुर स्टेशन पर रुकने के मौके पर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा। हालांकि, इस उपलब्धि का श्रेय लेने को लेकर भाजपा और झामुमो नेताओं के बीच राजनीतिक होड़ भी देखने को मिली। ठहराव के अवसर पर भाजपा के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई और झामुमो सांसद जोबा माझी, विधायक जगत माझी समेत दोनों दलों के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एक ही मंच पर मौजूद रहे।

एर्नाकुलम एक्सप्रेस के मनोहरपुर पहुंचते ही स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ ट्रेन का जोरदार स्वागत किया। स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सांसद जोबा माझी, विधायक जगत माझी, राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा के प्रतिनिधि जेबी तुबिद, चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया समेत जनप्रतिनिधि और रेल अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने ट्रेन का स्वागत करने के बाद हरी झंडी दिखाकर उसे आगे के गंतव्य के लिए रवाना किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि मनोहरपुर में एर्नाकुलम एक्सप्रेस का ठहराव क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांग के पूरा होने का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इसके लिए क्षेत्र के लोगों ने लगातार आवाज उठाई और सामूहिक प्रयासों से यह सुविधा मिल सकी। उन्होंने सिंहभूम संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए आगे भी प्रयास जारी रखने की बात कही। सांसद ने मनोहरपुर रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम की समस्या का उल्लेख करते हुए रेल ओवरब्रिज निर्माण की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

विधायक जगत माझी ने कहा कि कोरोना काल से पहले मनोहरपुर क्षेत्र में रेल परिचालन और यात्री सुविधाओं की जो स्थिति थी, उसे बहाल कराने के लिए प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने सारंडा सवारी गाड़ी के नियमित परिचालन की मांग करते हुए कहा कि इसका परिचालन बार-बार बंद होने से गरीब और मध्यम वर्ग के यात्रियों को परेशानी होती है। उन्होंने मनोहरपुर क्षेत्र में अन्य रेल सुविधाओं के विस्तार की भी मांग रखी।

भाजपा नेता जेबी तुबिद ने कहा कि प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के नेतृत्व में रेलवे लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में मनोहरपुर को अन्य महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की सुविधा भी मिल सकती है। वहीं, कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई की मौजूदगी ने राजनीतिक सरगर्मी को और बढ़ा दिया। दोनों दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने प्रयासों को इस उपलब्धि से जोड़ते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

मौके पर सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी, पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव, बीडीओ शक्ति कुंज, सीओ प्रदीप कुमार, डीएसपी डेविड ए. दोदराय, थाना प्रभारी अमिएल एक्का, बंधना उरांव, अशोक बांदा और विजय सिंह गागराई समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, रेल अधिकारी और ग्रामीण मौजूद थे। ट्रेन के ठहराव से स्थानीय लोगों को टाटानगर समेत अन्य प्रमुख शहरों की यात्रा में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram