Ranchi : कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में बुधवार को एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया, जहां मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) रैंक में हाल ही में पदोन्नत राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट करने वाले अधिकारियों में राम समद, रोशन गुड़िया, अविनाश कुमार, राजेश कुमार, मजरूल होदा और दीपक कुमार शामिल थे।
मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने सभी नव-प्रोन्नत अधिकारियों को आईपीएस का बैच पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पदोन्नति अधिकारियों की मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि सभी अधिकारी अपने नए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करेंगे तथा राज्य में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस सेवा में अनुशासन, सेवा भाव और जनता के प्रति जवाबदेही को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि आईपीएस अधिकारियों की भूमिका राज्य की सुरक्षा व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों से समाज में विश्वास और सुरक्षा का वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार तथा पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्र भी उपस्थित रहीं। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने भी नव-प्रोन्नत आईपीएस अधिकारियों को बैच पहनाकर सम्मानित किया और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। समारोह सौहार्दपूर्ण और प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।



