कोडरमा। कोडरमा थाना अंतर्गत सलैया गांव में बुधवार की रात एक्सप्लोसिव (विस्फोटक) की चपेट में आने से एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल बच्चे की पहचान त्रिलोकी कुमार उर्फ़ लव कुश कुमार (उम्र 14 वर्ष, पिता बिरजू दास) के रुप में हुई है। घायल के परिजनों के अनुसार त्रिलोकी बुधवार को अपने परिवार संग जानवर चराने हेतु गांव से सटे खेतों की ओर गया हुआ था। जानवर चराने के पश्चात जब वह अपने घर लौट रहा था कि इसी बीच खेतों में रखे एक एक्सप्लोसिव पर उसका पांव पड़ गया। एक्सप्लोसिव पर बच्चे का पांव पड़ते ही वह ब्लास्ट हो गया, जिससे वह बच्चा दूर जा गिरा और वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। धमाके की आवाज सुनते ही बच्चे के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और बच्चे को लेकर स्वास्थ्य उपचार केंद्र पहुंचे।

प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार सलैया गांव से सटे जंगल में विचर करने वाले जानवरों को मारने हेतु कुछ शरारती तत्व के लोग मिट्टी खोद कर जमीन के नीचे कपड़े से बांधकर एक्सप्लोसिव रखा करते हैं, जिसके कारण उनका बच्चा उसकी चपेट में आ गया। बताते चलें कि कुछ महीनों पूर्व भी ऐसी ही एक घटना घटित हुई थी, जहां मिट्टी में छुपे एक्सप्लोसिव को एक गाय ने अपने मुंह में ले लिया था। जिससे वह एक्सप्लोसिव गाय के मुंह में ही ब्लास्ट कर गया और गाय बुरी तरह से घायल हो गई थी। इधर पीड़ित परिवार ने प्रशासन से इस पूरे मामले पर कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि इस तरह की घटना दोबारा ना घटे।

Share.
Exit mobile version