Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), जमशेदपुर के निदेशक प्रो. (डॉ.) गौतम सूत्रधर ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को आगामी 29 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाले एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण सौंपा।

मुलाकात के दौरान प्रो. सूत्रधर ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि इस प्रतिष्ठित दीक्षांत समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की गरिमामयी उपस्थिति मुख्य अतिथि के रूप में प्रस्तावित है। उन्होंने दीक्षांत समारोह की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान द्वारा आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

निदेशक ने यह भी बताया कि इस अवसर पर एनआईटी जमशेदपुर के विभिन्न संकायों से उत्तीर्ण लगभग एक हजार छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। यह समारोह विद्यार्थियों के लिए उनके अकादमिक जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होगा।

मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने आमंत्रण के लिए आभार जताते हुए कहा कि राज्य में उच्च शिक्षा और तकनीकी संस्थानों का सशक्तिकरण युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।

Share.
Exit mobile version