Ranchi : लोक आस्था का महापर्व छठ आज पूरे श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न हुआ। व्रतियों ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर चार दिवसीय इस पर्व का समापन किया। जिलेभर के सभी छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण रहा।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अपनी धर्मपत्नी संग हटनिया तालाब छठ घाट पर संध्याकालीन और प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने समस्त जिलेवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना करते हुए कहा कि “छठ महापर्व हमारी संस्कृति, अनुशासन और सामूहिक एकजुटता का प्रतीक है।”
जिला प्रशासन, रांची ने पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियाँ की थीं। सभी घाटों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल, NDRF और SDRF की टीमों की तैनाती की गई थी। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष महिला पुलिस बल की व्यवस्था की गई। संवेदनशील घाटों पर ड्रोन कैमरा और CCTV निगरानी रखी गई, वहीं आपात स्थिति के लिए कंट्रोल रूम और रेस्क्यू टीम भी सक्रिय रहीं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रमुख घाटों पर एंबुलेंस, मेडिकल टीम और फर्स्ट एड काउंटर लगाए गए थे। वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के लिए अलग चिकित्सा केंद्र बनाए गए। घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पेयजल की सुविधा सुनिश्चित की गई, ताकि अर्घ्य के समय श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।
ट्रैफिक प्रबंधन के लिए जिले में वन-वे सिस्टम, नो-पार्किंग जोन और अस्थायी पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई। ट्रैफिक पुलिस ने लगातार मार्गदर्शन कर श्रद्धालुओं की मदद की। नगर निगम द्वारा सभी घाटों पर सफाई अभियान चलाकर चूना, ब्लीचिंग पाउडर और कीटनाशक का छिड़काव किया गया।
पूरे जिले में छठ पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन की व्यवस्था की सराहना की और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
जिला प्रशासन ने पर्व के सफल आयोजन के लिए केंद्रीय शांति समिति, छठ पूजा समितियों, मीडिया, स्वयंसेवी संगठनों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उपायुक्त भजंत्री ने कहा कि “छठ हमारी आस्था और एकता का प्रतीक है, और सभी के सहयोग से यह पर्व भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुआ।”



