Gumla (Chainpur): लोक आस्था और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा मंगलवार को उदित होते भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ। भोर की पहली किरण के साथ ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में फल, फूल, दूध, ठेकुआ और नारियल से भरे सूप लेकर जल में खड़ी होकर छठी मईया की आराधना कर रही थीं।
पिछले तीन दिनों से श्रद्धालु पूरे नियम, संयम और शुद्धता के साथ व्रत का पालन कर रहे थे। पहले दिन नहाय-खाय के साथ पर्व की शुरुआत हुई, दूसरे दिन खरना में गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार कर व्रतियों ने उपवास प्रारंभ किया, तीसरे दिन संध्या अर्घ्य में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया गया, और चौथे दिन मंगलवार की सुबह उदित होते सूर्य को अर्घ्य देकर यह महापर्व पूर्ण हुआ।
जयकारों और छठ गीतों की मधुर ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद मौर्य ने कहा कि छठ पूजा केवल आस्था नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला लोक पर्व है। इसी दौरान जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा एवं मुखिया सोभा देवी ने घाटों का भ्रमण कर व्रतियों से मुलाकात की, उन्हें शुभकामनाएं दीं और पर्व में शामिल होकर उनके उत्साह को बढ़ाया।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए थाना प्रभारी कृष्ण कुमार, एसआई दिनेश कुमार, एएसआई निर्मल कुमार सहित थाने के सभी जवान मुस्तैदी से ड्यूटी पर तैनात रहे। प्रशासनिक निगरानी और जनसहयोग से पूरा पर्व शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।



