Chatra News: चतरा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 408 बोतल शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के हरहद गांव निवासी सोनू कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक हुंडई कार को भी जब्त कर लिया है। यह जानकारी बुधवार को सदर थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सदर थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि चतरा से अवैध शराब की बड़ी खेप बिहार ले जाई जा रही है।

सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सदर थाना पुलिस की एक टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने चतरा-गया मुख्य मार्ग स्थित संघरी घाटी के समीप वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध हुंडई कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 17 पेटियों में छिपाकर रखी गई कुल 408 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। मौके पर ही तस्कर सोनू कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी शराब की खेप को बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी में था।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इस तस्करी नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। साथ ही जब्त शराब और वाहन को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में शराब तस्करी के कई मामलों का खुलासा हुआ है, जिससे इस अवैध धंधे में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

Share.
Exit mobile version