Chatra: जिले की प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ और गतिशील बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त (DC) रवि आनंद ने बड़े पैमाने पर फेरबदल किया है। डीसी सह जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के तहत जिले के विभिन्न विभागों और कार्यालयों में कार्यरत 80 कर्मचारियों का स्थानांतरण एवं पदस्थापन किया गया है। इस बड़े फेरबदल से समाहरणालय से लेकर प्रखंड स्तर के महकमों में हड़कंप मच गया है।
जारी आदेश के अनुसार, जिले के विभिन्न प्रखंडों, अंचलों (Blocks & Circles) और जिला स्तरीय कार्यालयों में तैनात प्रधान लिपिक, उच्चवर्गीय लिपिक, निम्नवर्गीय लिपिक तथा अन्य कर्मियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीसी रवि आनंद ने सभी संबंधित कार्यालय प्रधानों को कड़ा निर्देश दिया है कि वे स्थानांतरित कर्मियों को अविलंब कार्यमुक्त (Relieve) करें, ताकि वे नए पदस्थापन स्थल पर योगदान दे सकें। आदेश के तहत इन सभी कर्मियों का जून 2026 का वेतन उनके नए कार्यालय से ही जारी किया जाएगा।



