Chandil news: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण चांडिल डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार सुबह नौ बजे तक जलस्तर 179.80 मीटर दर्ज किया गया। पानी का स्तर निर्धारित सीमा के करीब पहुंचने के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभाग ने डैम के छह रेडियल गेटों को आधा-आधा मीटर खोल दिया है। इन गेटों के जरिए पानी की निकासी की जा रही है। इसके साथ ही सुइस गेट से भी पानी छोड़ा जा रहा है।
डैम से पानी की निकासी शुरू होने के बाद स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। नदी में पानी का बहाव तेज होने से आदित्यपुर सहित आसपास के निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनने लगी है। कई स्थानों पर बारिश और नदी के बढ़ते पानी के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के बीच भी पानी बढ़ने को लेकर चिंता बढ़ गई है।
लगातार बारिश के कारण डैम में पानी की आवक बनी हुई है। ऐसे में जलस्तर में और वृद्धि होने पर विभाग की ओर से रेडियल गेटों से पानी की निकासी बढ़ाई जा सकती है। अधिकारी लगातार डैम के जलस्तर और पानी की आवक पर नजर बनाए हुए हैं।
प्रशासन और विभाग की ओर से नदी किनारे तथा जलाशय के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। लोगों से अपील की गई है कि बढ़े हुए जलस्तर को देखते हुए नदी के किनारे जाने से बचें और बच्चों को भी नदी एवं जलाशय के आसपास नहीं जाने दें। मौसम विभाग की ओर से बारिश जारी रहने की संभावना के बीच प्रशासन स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहा है।





