Chainpur, (Gumla): प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रोजेक्ट स्कूल के समीप गुरुवार को थाना प्रभारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस औचक कार्रवाई से वाहन चालकों के बीच हड़कंप मच गया।अभियान के दौरान पुलिस बल ने दुपहिया और चार पहिया वाहनों को रोककर उनके वैध कागजातों की सघन तलाशी ली। इसमें मुख्य रूप से ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र और हेलमेट की जांच की गई।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।जांच के क्रम में एक वाहन चालक नशे की हालत में पाया गया, जिस पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसका चालान काटा। वहीं, चेकिंग के दौरान कुछ वाहन चालक पुलिस के जवानों के साथ उलझते और नोकझोंक करते भी नजर आए। पुलिस ने सख्त लहजा अपनाते हुए सभी को कानून का पालन करने की हिदायत दी। थाना प्रभारी अरविंद कुमार सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। नशे में वाहन चलाना न केवल स्वयं के लिए बल्कि दूसरों के लिए भी जानलेवा है।



