चैनपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी यादव बैठा ने शुक्रवार को प्रखंड क्षेत्र में मनरेगा के तहत चल रहे विभिन्न कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मालम पंचायत सहित कई स्थानों पर कूप निर्माण, आम बागवानी, तालाब, टीसीबी और अबुआ आवास जैसी योजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता का आकलन किया। मौके पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और लाभुकों से जानकारी लेते हुए योजनाओं को समय पर और मानकों के अनुरूप पूरा करने की हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने पाया कि कई स्थल पर योजना बोर्ड क्षतिग्रस्त पड़े थे। इस पर उन्होंने रोजगार सेवक मंझार सिद्दीकी को कड़ी फटकार लगाते हुए बोर्ड को तुरंत ठीक कराने का निर्देश दिया। बीडीओ ने तिलवारी पाठ, रातुजामटोली, डहुडढ़गांव, जयपुर और मालम समेत कई गांवों में विभिन्न कार्य स्थलों का निरीक्षण किया।
उन्होंने कूप निर्माण योजनाओं के लाभुकों को सलाह दी कि निर्माण पूर्ण होने पर कुएँ के ऊपर बंधा बनाना सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को भविष्य में कोई परेशानी न हो। आम बागवानी स्थलों पर सफाई, घेराबंदी और झाड़ी हटाने के कार्य को तेजी से करने का निर्देश दिया। साथ ही किसानों को बागवानी के बीच मौजूद खाली भूमि का उपयोग अतिरिक्त खेती के लिए करने की प्रेरणा दी।
बीडीओ यादव बैठा ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान मुखिया गुंजनमर्था केरकेट्टा, इंजीनियर संदीप तिवारी, रोजगार सेवक मंझार सिद्दीकी और विभिन्न योजनाओं के लाभुक मौजूद रहे।



