चैनपुर (गुमला): प्रखंड क्षेत्र के निर्माण, असंगठित एवं प्रवासी श्रमिकों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से श्रम विभाग द्वारा विशेष निबंधन अभियान शुरू किया गया है। इस संबंध में चैनपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ने आधिकारिक आदेश जारी करते हुए विभिन्न पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित करने की समय-सारणी जारी की है।

इस अभियान का उद्देश्य ऐसे सभी पात्र श्रमिकों का सर्वेक्षण एवं निबंधन करना है, जो अब तक श्रम विभाग के पोर्टल पर पंजीकृत नहीं हो सके हैं। निबंधन के बाद श्रमिकों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।

इन पंचायतों में लगेंगे निबंधन शिविर

शिविर संबंधित पंचायत भवनों में आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम इस प्रकार है—

  • 08 जुलाई 2026 – जनावल पंचायत
  • 11 जुलाई 2026 – बामदा पंचायत
  • 13 जुलाई 2026 – मालम पंचायत
  • 15 जुलाई 2026 – बेन्दोरा पंचायत
  • 20 जुलाई 2026 – बरवेनगर पंचायत
  • 22 जुलाई 2026 – रामपुर पंचायत
  • 25 जुलाई 2026 – कातिंग पंचायत
  • 27 जुलाई 2026 – छिछवानी पंचायत
  • 29 जुलाई 2026 – बरडीह पंचायत
  • 31 जुलाई 2026 – चैनपुर पंचायत

शिविर में ये दस्तावेज लाना होगा अनिवार्य

निबंधन कराने आने वाले श्रमिकों को अपने साथ निम्नलिखित दस्तावेज लाने होंगे—

  • पासपोर्ट साइज फोटो
  • आधार कार्ड
  • बैंक पासबुक
  • नॉमिनी का आधार कार्ड
  • नॉमिनी की बैंक पासबुक (यदि आवश्यक हो)

जनप्रतिनिधियों को प्रचार-प्रसार का निर्देश

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य, पंचायत सचिव एवं प्रज्ञा केंद्र संचालकों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को शिविर तक पहुंचाने की अपील की है, ताकि कोई भी योग्य मजदूर सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

यह विशेष अभियान श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Share.
Exit mobile version